उम्र का असर Hindi Poetry
उम्र का असर अब दिखने लगा है
थोड़ा चल के शरीर थकने लगा हैं
मगर बहुत कुछ है जो मुझे आज भी
बूढ़ा होने से रोकता है
तेरी यादों का सिलसिला
आ के अक्सर झकझोरता है
पुलकित हो जाता है रोम रोम
अजब सी ऊर्जा भर जाती है
मायूसी पल भर में तेरी यादों से
वाष्प बन कर उड़ जाती है
पहले उड़ता था उन्मुक्त पंछी जैसा
अब अपने आप ही टिकने लगा है
चंद दोस्त जब दूर से दिख जाते हैं
कदम अपने आप उधर मुड़ जाते हैं
वही उन्मुक्त अट्टहास वही शोख़ी
उनके पुराने प्रहसन भी गुदगुदाते हैं
मेरे ये दोस्त टानिक से कम नहीं
थके शरीर को नए उत्साह से भर देते हैं
अजीब रिश्ता है मेरा उनके साथ
बिना कहे वो मुझको समझ लेते हैं
पर देख पाता हूँ उन दोस्तों का दर्द
अब उनके चेहरे पे छलकने लगा है
टीवी मोबाइल से ऊब होती है
तो जा के किताबों में गुम जाता हूँ
हर किताब से नया रिश्ता बनता है
उसके साथ सफ़र पे निकल जाता हूँ
कई बार जब कविताएँ पढ़ता हूँ
उनके कई अंश मुझ पे ताने मारते हैं
कई कहानियों में अपना अक्स लगता है
बहुत से उपन्यास हालत के रोजनामचे हैं
किताबों की दुनिया मैं तैरते तैरते
एक नया सा शख़्स मुझमें बसने लगा है
Comments
Post a Comment